• Home
  • Fri, 18-Apr-2025

Breaking News


तेज धूप के साथ तीन दिन लू चलने का अलर्ट जारी, ताजमहल देखने आए चार पर्यटक गर्मी से बेहोश

Updated : Mon, 07 Apr 2025 10:27 PM

तीन दिन तक आगरा में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप रहेगा। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। धूल कणों में वृद्धि के कारण सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। बाहर निकलने पर सावधानी बरतें पानी और छाछ का सेवन करें। गर्मी के कारण ताजमहल पर पर्यटक भी परेशान हो रहे हैं।

भीषण गर्मी के लिए तैयार हो जाएं, तीन दिन तक तेज धूप के साथ लू चलेगी, दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। वहीं, पिछले दो दिनों से दिन में तेज हवा चलने से वातावरण में धूल कण बढ़ने लगे हैं।

 

इससे सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की सांस उखड़ने लगी है। सांस लेने में परेशानी के साथ मरीज अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। रविवार को भी दिन में तेज धूप निकली, इससे दिन का तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह से सूरज की तपिश

सोमवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ गर्म हवा चलती रही, इससे सुबह का तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 11 बजे के बाद धूप तेज होती गई। इससे पहले रविवार दोपहर में गर्म हवा चलने से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दिन का तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को भी गर्म हवा चलती रही। इससे वातावरण में धूल कण बढ़ गए, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) भी बढ़ गया है।