एलईडी साइनेज बोर्ड की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन घंटे की मेहनत से पाया दमकलकर्मियों ने काबू
Updated : Sat, 31 Dec 2022 01:18 PM

आगरा में जगदीशपुरा के लक्ष्मी नगर में शनिवार की भोर एलईडी साइनेज बोर्ड बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। जिसने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। विकराल लपटों को देख आसपास के घरों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। वह घरों से बाहर निकल आए। दमकल की तीन गाड़ियों ने तीन घंटे प्रयास के बाद आग काे काबू में किया।
फैक्ट्री से निकलता देखा धुआं
लक्ष्मी नगर निवासी राहुल जिंदल की घर के पास में ही एलईडी साइनेज बोर्ड बनाने की फैक्ट्री है। शनिवार की भोर करीब साढ़े तीन बजे पड़ोस के लोगों ने फैक्ट्री से लपटें निकलती देखी हैं।उन्होंने इसकी जानकारी राहुल को दी। उन्होंने लोगों की मदद से आग को अपने स्तर से काबू करने का प्रयास किया। तब तक लपटें विकराल रूप ले चुकी थीं। आग पूरी तरह से फैक्ट्री में फैल चुकी थी। जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई। वह दहशत के चलते घरों से बाहर निकल आए।
दमकल की गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू
एलईडी साईनेज बोर्ड बनाने वाली फैक्ट्री के बराबर में एक जूता फैक्ट्री भी है। मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने आग को जूता फैक्ट्री तक पहुंचने से रोका। दमकलों ने करीब तीन घंटे प्रयास के बाद आग को पूरी तरह से काबू में किया। तब तक फैक्ट्री में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अनुमान है कि शार्ट सर्किट की चिंगारी से आग लगी होगी।