• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


भारत के मिस्टर 360 डिग्री Suryakumar Yadav आईसीसी टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 के लिए नामांकित

Updated : Thu, 29 Dec 2022 12:14 PM

भारत के करिश्माई बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को गुरुवार को आईसीसी मेन्स टी20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया। सूर्या के अलावा इंग्लैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सैम करन, जिम्बाब्वे के ऑफ स्पिन आलराउंडर सिकंदर रजा और पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को भी इस सम्मान के लिए नामित किया गया है।

सूर्यकुमार ने साल 2022 में टी20 क्रिकेट में सनसनी फैला दी थी। वह अपने 360-डिग्री स्ट्रोकप्ले के साथ टी20 में एक वर्ष में 1000 से अधिक रन बनाने वाले दूनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 46.56 की औसत से 187.43 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 1164 रन बनाकर सबसे अधिक रन बनाए। 2022 में उन्होंने सबसे ज्यादा 68 छक्के लगाए। साल भर में 2 शतक, 9 अर्धशतकों के साथ, सूर्यकुमार निस्संदेह दुनिया के नंबर वन टी20 बल्लेबाज हैं।

टी20 क्रिकेट में बजाया अपने नाम का डंका 

सूर्यकुमार ने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप में 59.75 के शानदार औसत और 189.68 की स्ट्राइक रेट से 239 रन बनाए थे, जिसमें दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक शामिल थे। माउंट माउंगानुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में उन्होंने 217.65 की स्ट्राइक रेट से 11 चौके और सात छक्के लगाए और 51 गेंदों पर 111 रन बनाकर नाबाद रहे। यह उनका दूसरा टी20 शतक था। नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ सूर्या ने अपने टी20 करियर का पहला शतक लगाया था। 55 गेंदों पर 117 रन बनाए थे।