Movies In January: कुत्ते और पठान के साथ होगा नये साल का आगाज
Updated : Mon, 26 Dec 2022 04:13 PM

2022 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब साल 2023 नयी उम्मीदों के साथ दस्तक दे रहा है। कई बड़े सितारों की बहुप्रतीक्षित फिल्में इस साल आ रही हैं। शाह रुख खान से लेकर सलमान खान तक, बॉक्स ऑफिस पर दमखम दिखाने उतरेंगे।
माना जा रहा है कि 2022 में बॉलीवुड पर जो मार पड़ी, उससे अगले साल राहत मिलेगी और निरंतर चल रहा फ्लॉप फिल्मों का सिलसिला भी थमेगा। सिनेमाघरों के साथ-साथ ओटीटी पर भी फिल्मों के सीधे स्ट्रीम होने का चलन जारी रहेगा।
साल 2023 की पहली चर्चित रिलीज होगी कुत्ते। इस फिल्म से विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज बतौर फिल्ममेकर डेब्यू करने वाले हैं। आसमान ने फिल्म का निर्देशन किया है। कुत्ते कॉमेडी एक्शन थ्रिलर फिल्म है और कई बेहतरीन कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। इनमें अर्जुन कपूर, तब्बू, नसीरूद्दीन शाह, कोंकणा सेन शर्मा, राधिका मदान और कुमुद मिश्रा शामिल हैं। फिल्म का निर्माण विशाल भारद्वाज, लव रंजन और भूषण कुमार ने किया है।
25 जनवरी को शाह रुख खान की पठान सिनेमाघरों में पहुंचेगी। इस फिल्म के साथ शाह रुख चार सालों बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित पठान स्पाइ एक्शन थ्रिलर फिल्म है। शाह रुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम लीड रोल्स में नजर आएंगे। पठान, 2023 की पहली बड़ी रिलीज है और इंडस्ट्री की ढेरों उम्मीदें इस फिल्म पर टिकी हैं।
शाह रुख को पर्दे पर देखने के लिए लम्बा इंतजार सिनेमाघरों में लम्बी कतारों में बदलेगा या नहीं, यह तो रिलीज के बाद ही पता चलेगा, मगर सोशल मीडिया में फिल्म को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है। माना जा रहा है कि फिल्म बड़ी ओपनिंग ले सकती है।