• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


भारत ने नवंबर में लगातार दूसरे माह रूस से खरीदा सबसे ज्यादा कच्चा तेल, परंपरागत आपूर्तिकर्ताओं को छोड़ा पीछे

Updated : Sun, 11 Dec 2022 05:04 PM

रूस नवंबर में लगातार दूसरे महीने भारत का सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता रहा है। ऊर्जा की खेप पर निगरानी रखने वाली कंपनी वार्टेक्सा के आंकड़ों से पता चलता है कि रूस ने भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति के मामले में इराक और सऊदी अरब जैसे परंपरागत आपूर्तिकर्ताओं को पीछे छोड़ दिया है। रूस का 31 मार्च, 2022 को समाप्त साल में भारत के सभी तेल आयात में सिर्फ 0.2 प्रतिशत हिस्सा था। नवंबर में उसने भारत को 9,09,403 बैरल प्रतिदिन (बीपीडी) कच्चे तेल की आपूर्ति की। यह भारत के तेल आयात का 20 प्रतिशत से अधिक है।

वार्टेक्सा के अनुसार, भारत ने नवंबर में इराक से 8,61,461 बीपीडी और सऊदी अरब से 5,70,922 बीपीडी तेल का आयात किया। अमेरिका 4,05,525 बीपीडी के साथ भारत का चौथा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता रहा। नवंबर में रूस से भारत का आयात मात्रा के लिहाज से अक्टूबर से कम था। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पश्चिमी देशों ने उसपर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। उसके बाद से भारत लगातार रियायती दरों पर रूसी कच्चे तेल की खरीद कर रहा है।