कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सहित तीन नेताओं की दो दिसंबर को होगी गवाही, ये है मामला
Updated : Thu, 17 Nov 2022 05:41 PM

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत तीन नेताओं के मामले में अब दो दिसंबर को गवाही होगी। गुरुवार को गवाह नहीं पेश हुए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अलावा पूर्व विधायक प्रदीप माथुर और विधान परिषद के पूर्व सदस्य विवेक बंसल भी हाजिर नहीं हुए। कांग्रेस नेताओं की पैरवी कर रहे रामदत्त दिवाकर ने उनकी ओर से विशेष मजिस्ट्रेट एमपी/एमएलए कोर्ट अर्जुन के यहां हाजिरी माफी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने इसे स्वीकार करते हुए गवाही के लिए दो दिसंबर 2022 की तिथि नियत की।
फतेहपुर सीकरी थाने में 19 मई 2020 को कोरोना काल में कांग्रेसी नेता राजस्थान सीमा पर पहुंचे थे। पार्टी द्वारा भेजी गई बसों को प्रशासन से अनुमति लेकर श्रमिकों को उससे भेजने को लेकर अधिकारियों से रार हो गई थी। मामले में फतेहपुर सीकरी थाने में कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ महामारी अधिनियम और धारा 188 के तहत प्राथमिकी लिखी गई थी। जिसमें कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर एवं विधान परिषद के सदस्य विवेक बंसल काे आरोपित बनाया गया है।