• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


सरकार दूर कर रही बेटियों की शादी की चिंता, 55 हजार रुपये से कर रही आर्थिक मदद

Updated : Wed, 09 Nov 2022 10:53 AM

उत्तर प्रदेश में लड़कियों और महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार द्वारा कई तरह की योजनाएं चलायी जा रही हैं। बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई और बाद में शादी के खर्च के लिए भी राज्य सरकार बच्चियों के माता- पिता को आर्थिक मदद देती है। सरकार की ऐसी ही एक योजना से हजारों श्रमिकों की बेटियों के हाथ पीले हो चुके हैं। आगरा में भी असंगठित क्षेत्र के हजारों श्रमिक ने कन्या विवाह सहायता योजना का लाभ लेकर अपनी बेटियों का कन्यादान किया है।

मिलते हैं एकमुश्त 55 हजार रुपए

प्रदेश में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड श्रमिकों के हित में कई योजनाएं संचालित कर रहा है। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की कन्या की शादी के लिए कन्या विवाह सहायता योजना चलाई जा रही है। जिसमें कन्या के विवाह के लिए एक मुस्त 55 हजार रूपये का अनुदान सरकार द्वारा दिया जाता है। वहीं श्रम विभाग द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शादी की दशा में 65 हजार रुपये की अनुदान राशि दी जाती है। आगरा के उप श्रम आयुक्त दीप्तिमान भट्ट ने बताया कि बीते वर्ष 2021-2022 में 2532 श्रमिकों ने कन्या विवाह सहायता योजना का लाभ लिया था। इस साल भी अब तक करीब 700 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 54 आवेदन विभाग द्वारा स्वीकृत किए जा चुके हैं। जल्द ही उन्हें अनुदान राशि जारी कर दी जायेगी।

अब नहीं होती परेशानी

गरीब परिवार के लोगों को अपनी बेटी की शादी में बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनमे सबसे बड़ी परेशानी उनकी आर्थिक स्थिति है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लड़कियों का विवाह समय पर नहीं हो पाता। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों के लिए कन्या विवाह सहायता योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के लिए पंजीकरण होने के बाद 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है।