• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


CM Yogi के सरकारी विमान में आई खराबी, 9 मिनट हवा में रहने के बाद करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

Updated : Wed, 26 Mar 2025 10:45 PM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी विमान में तकनीकी खराबी आई। खेरिया एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद पायलट को जानकारी हुई। विमान के नौ मिनट हवा में रहने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचना देकर खेरिया एयरपोर्ट पर ही लैंडिंग की। सीएम योगी दो घंटे एयरपोर्ट के वीआइपी लांज में बैठे। मुख्यमंत्री दिल्ली से दूसरा विमान आने पर शाम 5.40 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राजकीय वायुयान में दोपहर 3.40 बजे उड़ान भरने के 10 मिनट के बाद तकनीकी कमी आ गई। पायलट ने तकनीकी कमी की जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) खेरिया एयरपोर्ट को दी। एटीसी ने तुरंत एयरपोर्ट में लैंडिंग की अनुमति दी।

 

पायलट की सूझबूझ के चलते सफल लैंडिंग हो सकी। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी रास्ते से एयरपोर्ट के लिए दौड़ पड़े। आगरा, लखनऊ से लेकर नई दिल्ली तक खलबली मच गई। मुख्यमंत्री 1.40 घंटे तक वीआइजी लाउंज में बैठे। अधिकारियों से कई प्रश्न पूछे। नई दिल्ली से नया विमान मंगाया गया।

 

शाम 5.40 बजे मुख्यमंत्री नए विमान से लखनऊ के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राजा मंडी बाजार स्थित दरियानाथ मंदिर और जीआइसी मैदान में जनपदीय विकास उत्सव में भाग लिया। दोपहर 3.13 बजे खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। उनके साथ जनप्रतिनिधि, मंडलायुक्त शैलेंद्र सिंह, डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी और पुलिस अधिकारी साथ रहे।

मुख्यमंत्री दोपहर 3.25 एयरपोर्ट पहुंचे। अधिकारियों ने विदाई दी। दोपहर 3.35 बजे विमान में सवार हुए और पायलट ने इंजन को चालू किया। एटीसी से उड़ान की अनुमति मिल गई। दोपहर 3.40 बजे विमान ने लखनऊ के लिए उड़ान भरी। विमान के उड़ान भरने के बाद जनप्रतिनिधि और अधिकारी अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए।

 

उड़ान भरने के 10 मिनट के बाद विमान में तकनीकी कमी आ गई। पायलट ने इसकी जानकारी एटीसी को दी। साथ ही मुख्यमंत्री को भी बताया गया। एटीसी ने तुरंत खेरिया एयरपोर्ट में वापसी पर जोर दिया। पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया और विमान की सफल लैंडिंग कराई।

 

विमान में तकनीकी कमी की जानकारी जैसे ही अधिकारियों को हुई। अधिकारी वीआइजी लाउंज में पहुंच गए। लाउंज के पास से हर किसी को हटा दिया गया। रनवे से कुछ दूरी पर दमकल वाहन पहुंच गए। विमान से उतरकर मुख्यमंत्री वीआइपी लाउंज में पहुंचे।