पशुओं की चर्बी से बना रहे थे ब्रांडेड देसी घी! पुलिस ने की रेड तो मिला ऐसा सामान कि देखकर सभी हो गए हैरान
Updated : Mon, 17 Mar 2025 10:55 PM

आगरा के एत्मादपुर एक मोहल्ले में तीन घरों में अवैध रूप से पशुओं का कटान किया जा रहा था और पशुओं की चर्बी से देसी घी बनाया जा रहा था। स्थानीय पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मौके से चर्बी से बने घी के टिन पशुओं की खाल और मांस बरामद किया गया है।
स्लाटर हाउस बंद होने के बाद एत्मादपुर के माेहल्ला शेखान के घरों में पशुओं का अवैध कटान हो रहा था। यहां मांस के साथ-साथ चर्बी और हड्डियां भी बेची जा रही थीं। पुलिस ने सोमवार सुबह छापा मारकर एक हाल से बड़ी मात्रा में मांस, चर्बी और हड्डियां बरामद की हैं। चर्बी को घी के टिन में भरकर बेचा जाता था। मौके से पुलिस ने मकान मालिक महिला समेत चार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने बताया है कि चर्बी का इस्तेमाल साबुन में हो रहा था।
पुलिस को इसके घी में मिलावट को इस्तेमाल किए जाने की भी आशंका है। पशु चिकित्सक ने इसके सेंपल लिए हैं। कुबेरपुर में स्लाटर हाउस लंबे समय से बंद हैं। पुलिस को काफी समय से एत्मादपुर कस्बा में पशुओं को काट कर मांस बेचने की सूचना मिल रही थी। सोमवार सुबह सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोहल्ला शेखान में बबलू और फरमान के घर पर छापा मारा।
मौके से भारी मात्रा में पशुओं का मांस,काटने का सामान और तराजू आदि सामान बरामद हुआ। इसके बाद टीम क्षेत्र के ही उस्मान के घर में घुसी। मौके पर मांस के साथ पशुओं की खाल और 82 घी के टिनों में चर्बी बरामद हुई। एसीपी एत्मादपुर पियूष कांत राय ने बताया कि आरोपित घर में पशुओं को काटकर मांस बेचने की बात स्वीकार कर रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों के साथ-साथ टूंडला,फिरोजाबाद,हाथरस और आगरा शहर के विक्रेता भी आर्डर देकर मांस लेकर जाते हैं। अधिकतर विक्रेता अपने वाहनों से मांस लेकर जाते हैं। बरामद चर्बी के बारे में आरोपितों ने बताया कि घी के टिन में चर्बी रखकर साबुन और घी बनाने वाले छोटे व्यापारियों को सप्लाई करते थे। 15 किलो के मधुसूदन घी के टिन को 900 से 1000 रुपये में बेचा जाता था। घी के टिन में होने के कारण पुलिस की चेकिंग में पकड़े जाने का डर कम रहता था। चर्बी के घी में मिलाने की भी आशंका है। इसलिए आरोपितों से इस संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।