चुन्नी से हाथ पीछे बांधकर फंदे से लटका दिया शव पिता ने लगाया प्रेम संबंधाें में बेटे की हत्या का आरोप
Updated : Sun, 16 Mar 2025 07:09 PM

आगरा में एक लापता युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। युवक के हाथ बंधे हुए थे और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग था और इसी के चलते उसकी हत्या की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
प्रेम संबंधों के चलते दबंगों ने युवक की हत्या कर उसका शव पेड़ पर लटका दिया। उसके हाथ बंधे हुए थे। शनिवार सुबह युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। युवक के स्वजन ने बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
बरहन के गांव यादव गढ़ में रहने वाला 24 वर्षीय अनमोल 12 मार्च की रात अचानक घर से लापता हो गया था। शनिवार सुबह युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। युवक के हाथ बंधे हुए थे।
एसीपी पियूष कांत राय और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट लेकर जांच के लिए लैब भेजे। स्वजन ने कहा कि अनमोल का दो दिन पहले ही पड़ोसी वीरेंद्र सिंह से विवाद हुआ था। गांव के कुछ लोगों ने समझौता करा दिया था। होलिका दहन से पहले वह गांव लौटकर आया था।
पिता अर्जुन सिंह ने गांव के ही वीरेंद्र सिंह, मोहन लाल, हंसराज, अवधेश, रोहित, संजय, चंद्रवीर, पंकज के खिलाफ अनमोल की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपितों ने इकलौते बेटे अनमोल को बुलाकर गला घोंटकर हत्या की। इसके बाद चुन्नी से हाथ पीछे की ओर बांधकर फंदे से लटका दिया। हत्या के पीछे आरोपितों की रिश्तेदार युवती से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। मगर, स्वजन ने मुकदमे में इसका जिक्र नहीं किया है।