IAS Transfer: आगरा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कौन हैं IAS शैलेंद्र कुमार सिंह जो बने नए मंडलायुक्त
Updated : Sat, 18 Jan 2025 12:10 PM

उत्तर प्रदेश शासन ने गुरुवार देर रात कई आईएएस अधिकारियों का तबादला किया। मथुरा के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को आगरा मंडल का कमिश्नर बनाया गया है। दूसरी ओर अब तक बुलंदशहर के डीएम रहे चंद्र प्रकाश सिंह को मथुरा भेजा गया है। शनिवार को दोनों अधिकारी अपने अपने पदभार ग्रहण कर सकते हैं। आगरा में आईएएस रितु माहेश्वरी ने पर्यटन के लिए काफी कार्य किए।
शासन के आदेश पर मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी का तबादला हो गया। डेढ़ साल तक वह मंडलायुक्त रहीं। इस साल ताज महोत्सव के आयोजन की भव्य तरीके से तैयारी चल रही है। मंडल भर में दिव्यांग बच्चों के नामांकन पर पहली बार विशेष ध्यान दिया गया। पहली बार क्वीन मैरी लाइब्रेरी का कायाकल्प कराया जा रहा है।
फतेहाबाद रोड स्थित होटल रमाडा के आसपास सुंदरीकरण कराया गया। जगह-जगह कबाड़ से जुगाड़ के तहत आकर्षक तरीके से चौराहों को सजाया जा रहा है। मंडलायुक्त के निर्देश पर ही आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड शो पर भी फोकस किया गया। सिटी बसों के स्टॉपेज तय किए गए। वहीं गोशालाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
आइएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह मूलरूप से आजमगढ़ के हैं। वह 2009 बैच के आइएएस अफसर हैं। मथुरा से पूर्व लखीमपुरखीरी, मुरादाबाद में डीएम रह चुके हैं। नवागत मंडलायुक्त शनिवार को कार्यभार संभाल सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी की योजनाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी फोकस रहेगा।