सनक के आगे टूटा परिवार का सपना, बिखर गया कन्यादान का अरमान... युवती की हत्या के बाद युवक ने खुद को किया खत्म
Updated : Sat, 18 Jan 2025 12:08 PM

किसान के जुनून ने दो परिवारों को तबाह कर दिया। विनय परमार ने अपने साझीदार की बेटी प्रीति की हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। यह घटना उत्तर प्रदेश के खेरागढ़ में हुई। विनय और प्रीति के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध था लेकिन प्रीति के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। विनय ने इसी गुस्से में प्रीति की हत्या कर दी।
युवा किसान के फितूर दो परिवारों को दर्द दे गया। एक पिता बेटी के हाथ पीले करने को अच्छे वर की तलाश में जुटा था। वहीं, एक पत्नी अपने पति से बच्चों की अच्छी शिक्षा दीक्षा की उम्मीद लगाए बैठी थी।
किसान विनय परमार ने गुरुवार को विवाद के बाद साझीदार की बेटी की कनपटी में लाइसेंसी पिस्टल से दो गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद की कनपटी में भी गोली मार ली। शुक्रवार को विनय की पत्नी का रो रोकर बुरा हाल था। मां को देख चार वर्षीय बेटा भी रहा रहा था। वहीं, प्रीति की मां सुआ और पिता अमर सिंह के आंसू भी नहीं थम रहे थे।
विनय ने पहले मारी लड़की को गोली, फिर खुद को किया खत्म
गुरुवार शाम चार बजे नगला कमाल के रहने वाले विनय परमार ने साझीदार अमर सिंह की 19 वर्षीय बेटी प्रीति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पिता अमर सिंह ने बताया कि विनय सिंह घर आए दिन आकर हंगामा करता था। बेटी प्रीति इसका विरोध करती थी।दो दिन पहले भी वह पिस्टल लेकर गांव आया था। वहां हंगामा करके गया। प्रीति ने उसे गांव आने से मना कर दिया। क्योंकि गांव के लोग हंगामा करने पर उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराते थे। जिससे विनय परमार उससे खुन्नस मान गई थी।