• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


'गलती हो गई', मार्क जुकरबर्ग की टिप्पणी पर मोदी सरकार सख्त; Meta को मांगनी पड़ी माफी

Updated : Wed, 15 Jan 2025 02:44 PM

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग के बयान पर अब कंपनी ने भारत से माफी मांगी है। कंपनी ने कहा है कि यह गलती अनजाने में हुई है। मेटा इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट किया। इसके पहले संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी की स्थायी संसदीय समिति के प्रमुख निशिकांत दुबे ने मंगलवार को कहा कि पैनल मेटा को समन जारी करेगा

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग के बयान पर अब कंपनी ने भारत से माफी मांगी है। कंपनी ने कहा है कि यह गलती अनजाने में हुई है। मेटा इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट किया।

 

मार्क जुकरबर्ग ने एक पॉडकास्ट के दौरान कहा था कि कोविड-19 के बाद भारत समेत दुनिया के लगभग सभी देशों में सत्ता परिवर्तन हुआ, जो सरकारों के प्रति लोगों में विश्वास की कमी को दर्शाता है। इस पर भारत की तरफ से आपत्ति जताई गई थी।

 

अश्विनी वैष्णव ने लगाई थी फटकार

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर इसे लेकर मेटा को फटकार लगाई थी। उन्होंने लिखा था, 'दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत में 2024 में हुए चुनावों में 640 मिलियन वोटर्स ने हिस्सा लिया। भारत के लोगों ने पीएम मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर फिर भरोसा जताया।'

उन्होंने आगे लिखा, 'मार्क जुकरबर्ग का ये दावा कि कोविड के बाद 2024 में हुए चुनावों में भारत समेत दुनिया के अधिकांश देशों की मौजूदा सरकारें हार गईं, यह तथ्यात्मक रूप से गलत है। मेटा, खुद मार्क जुकरबर्ग को गलत जानकारी देते देख निराशा हुई। फैक्ट और विश्वसनीयता को बरकरार रखिए।'