• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


Agra Paper Leak Case: पेपर आउट कराने वाला विनय चौधरी गिरफ्तार, जांच में हुुआ ये खुलासा

Updated : Sat, 02 Mar 2024 12:53 AM

यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा के प्रश्नपत्र आउट करने का मुख्य आरोपित विनय चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह राजस्थान भागने की फिराक में था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। विनय चौधरी को लेकर पुलिस अतर सिंह इंटर कालेज गई। वहां कंप्यूटर और अन्य साक्ष्यों का संकलन कर रही है।

जांच में यह पता चला है कि इंटरमीडिएट जीव विज्ञान और गणित का प्रश्नपत्र भूलवश नहीं बल्कि परीक्षा में सेंधमारी की पूरी मंशा से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था। इसके लिए केंद्र व्यवस्थापक राजेंद्र सिंह ने अपने पुत्र विनय चौधरी को कंप्यूटर आपरेटर पद पर परीक्षा में तैनात किया था। केंद्र व्यवस्थापक के बाद शुक्रवार को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक गंभीर सिंह की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। केंद्र पर बोर्ड की शेष परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती कर दी गई है।

वॉट्सऐप पर वायरल हुआ था पेपर 

बता दें कि गुरुवार को दूसरी पारी की परीक्षा में पेपर शुरू होने के एक घंटे बाद ही वॉट्सऐप ग्रुप पर जीव विज्ञान और गणित का पेपर वायरल हो गया। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के रोझौली स्थित अतर सिंह इंटर कालेज में कंप्यूटर आपरेटर पद पर तैनात विनय चौधरी ने इसे प्रसारित किया था। गुरुवार को ही केंद्र व्यवस्थापक विनय चौधरी के पिता राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था। शुक्रवार को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक गंभीर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। विनय चौधरी के पास पेपर कहां से आया, पुलिस इसका पता लगा रही है।

चर्चा में रहा है केंद्र

अतर सिंह इंटर कालेज पहले भी नकल कराने को लेकर चर्चा में रहा है। पिछले वर्ष हुई बोर्ड परीक्षा में इसे केंद्र नहीं बनाया गया था। अतिसंवेदनशील केंद्र की सूची में होने के बाद भी प्रशासन ने वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं बरती।