• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


Agra News: डिलीवरी के बाद नवजात को अस्पताल में छोड़ गई मथुरा की युवती, बच्चे के सौदे की सूचना पर पहुंची पुलिस

Updated : Wed, 08 Nov 2023 03:21 AM

आगरा में यमुना पार के एक अस्पताल में मंगलवार सुबह प्रसव के बाद युवती नवजात को छोड़ कर चली गई। अस्पताल में बच्चे का सौदा होने पर की सूचना पर मानव तस्करी निरोधक थाने की पुलिस पहुंच गई।

मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति को दी। नवजात को फिलहाल पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। सांस लेने में दिक्कत के चलते नवजात को सघन चिकित्सा यूनिट में रखा गया है। बच्चे की मां और उसके साथ आए युवक के बारे में पुलिस छानबीन कर रही है।

युवती के साथ थी एक महिला

प्रभारी निरीक्षक मानव तस्करी निरोधक थाना इकबाल हैदर ने बताया, मंगलवार सुबह राम कृष्ण अस्पताल में युवती द्वारा प्रसव के बाद बच्चे को छोड़ जाने की जानकारी मिली। पूछताछ करने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे मथुरा की रहने वाली युवती को प्रसव के लिए यहां भर्ती कराया गया था।

युवती के साथ युवक और महिला भी आयी थी। वह खुद को युवती की भाभी बता रही थी। महिला यमुना के पार के एक अस्पताल में नर्स है। खुद को भाभी बताने वाली नर्स ने नवजात को सांस लेने में दिक्कत होने पर यमुना पार के एएस अस्पताल के सघन चिकित्सा कक्ष में भर्ती करा दिया।

पुलिस नवजात की मां को कर रही तलाश

इस बीच नवजात को लेकर विवाद शुरू हो गया।जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक मानव तस्करी निरोधक थाना इकबाल हैदर और बाल कल्याण समिति के सदस्य निमेष बेताल ने बताया, नवजात की मां के बारे में जानकारी की जा रही है।