Agra Crime News: आगरा में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेत हत्या से सनसनी, घटनास्थल पर मिले संघर्ष के निशान
Updated : Sun, 22 Oct 2023 04:47 PM

Agra Crime News In Hindi अछनेरा के गांव रायभा की घटना। वृद्धा के बेटे ने गांव के ही एक परिवार पर लगाया हत्या का आरोप। बेटे का कहना है कि एक युवक ने युवती संग कोर्ट मैरिज की थी। उसने गांव में खौफ फैलाने के लिए ये हत्या की है। मृतका के पांच बेटे हैं जिनमें से चार बाहर रहते हैं।
आगरा में अछनेरा के गांव रायभा में शनिवार की आधी रात को घर में सोती 90 वर्षीय वृद्धा की अज्ञात लोगों ने गला रेतकर हत्या कर दी। स्वजन को हत्या की जानकारी रविवार सुबह हुई। जब बराबर में रहने वाला बेटा मां को चाय देने गया।
पलंग पर खून से लथपथ मां का शव पड़ा देखा। वृद्धा का धारदार हथियार से गला रेता गया था। जानकारी होने पर ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया।वृद्धा के बेटे ने गांव के कुछ लोगों पर दहशत पैदा करने के लिए हत्या का आरोप लगाया है
रायभा की रहने वाली 90 वर्षीय विद्या देवी पत्नी पूरन सिंह के पांच बेटे हैं। चार बेटे दिल्ली और मथुरा में रहकर मजदूरी करते हें। एक पुत्र वीरी सिंह गांव में ही दूसरे मकान में परिवार के साथ रहता है। विद्या देवी पास में ही एक मकान में रह रही थीं।रविवार सुबह छह बजे वीरी सिंह मां को रोज की तरह चाय देने आया था। वह कमरे पर पहुंचा तो मां का खून से लथपथ शव देखा।