• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


महिला के हाथ में होगी मानवयुक्त गगनयान मिशन की कमान, इसरो प्रमुख ने कहा- लड़ाकू विमान उड़ाने वाली पायलट को प्राथमिकता

Updated : Sun, 22 Oct 2023 04:46 PM

मानवयुक्त गगनयान मिशन की कमान किसी महिला के हाथ में होगी। इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा कि लड़ाकू विमान उड़ाने वाली पायलट या महिला विज्ञानी को प्राथमिकता दी जाएगी। अगले साल मानव रोबोट को लेकर गगनयान अंतरिक्ष में जाएगा। मानवयुक्त मिशन 2025 तक संभव होगा। यह छोटी अवधि का मिशन होगा।

भविष्य में यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो इसरो के मानवयुक्त अंतरिक्ष गगनयान मिशन को लड़ाकू विमान उड़ाने वाली महिला पायलट लेकर जाएंगी। यह भी संभव है कि किसी महिला विज्ञानी के साथ गगनयान उड़ान भरे। मगर इतना तय है कि मिशन गगनयान में महिलाओं को प्राथमिकता मिलेगी। इस बात के संकेत भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख एस. सोमनाथ ने रविवार को स्वयं दिए हैं।

सोमनाथ ने कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी बहुप्रतीक्षित मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम गगनयान मिशन के लिए लड़ाकू विमान उड़ाने वाली महिला पायलटों या महिला विज्ञानियों को प्राथमिकता देती है और भविष्य में उन्हें भेजना संभव होगा। उन्होंने कहा कि इसरो अगले साल अपने मानव रहित गगनयान अंतरिक्ष यान में एक महिला ह्यूमनाइड (रोबोट जो मानव जैसा दिखता है) भेजेगा।