• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


Agra News: यमुना खतरे के निशान से पार, स्ट्रैची ब्रिज पर भरा पानी, 250 बीघा खेत डूबे, दयालबाग में खेत डूबे

Updated : Sun, 16 Jul 2023 05:06 PM

यमुना खतरे के निशान को पार कर चुकी है। यमुना के बढ़ते जल स्तर से उसके किनारे पर रहने वाले भयभीत होने लगे हैं। फतेहाबाद तहसील के ईधौन से 15 परिवारों ने शनिवार को सुरक्षित ठिकानों की शरण ली। यमुना किनारे बसे अन्य गांवों से भी लोगों ने अपना सामान निकालना शुरू कर दिया है। 250 बीघा से अधिक खेत पानी में डूब गए हैं। आबादी क्षेत्र व घाटों पर बैरीकेडिंग कर लोगों को नदी से दूर रहने को कहा जा रहा है।

खतरे के निशान को किया पार

रविवार को यमुना का जलस्तर 495. 3 फीट पर पहुंच गया। अभी भी यमुना का जल स्तर निरंतर बढ़ रहा है। शनिवार को डीएम नवनीत सिंह चहल ने दयालबाग, राजश्री गार्डन, अमर विहार, बल्केश्वर सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने लगातार मुनादी कराने के आदेश दिए। राहत वितरण किट की जांच की। आइटीआइ बल्केश्वर में बनाए गए राहत केंद्र का निरीक्षण कर उन्होंने व्यवस्थाएं देखीं। प्रशासन ने कैलाश, बल्केश्वर, मनोहरपुर में यमुना किनारे बने मकान चिह्नित किए हैं।

यमुना किनारे बने बाजारों को खाली करने को कारोबारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। राजस्व निरीक्षकों का अवकाश निरस्त कर दिया गया है। डीएम नवनीत सिंह चहल ने बताया कि यमुना व चंबल के बढ़ते हुए जल स्तर को देखते हुए सक्रियता बरती जा रही है। बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं। तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

गोकल बैराज से छोड़ा 1.02 लाख क्यूसेक पानी

सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता शरद सौरभ गिरी ने बताया कि रविवार सुबह पांच-छह बजे तक यमुना का जल स्तर खतरे के निशान तक पहुंच जाएगा। गोकुल बैराज से शनिवार को एक लाख दो हजार 843 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। ओखला बैराज से दो लाख 57 हजार 850 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। चंबल में शनिवार को जल स्तर 113.70 मीटर पर पहुंच गया। यहां अलर्ट लेवल 127 मीटर, डेंजर लेवल 130 मीटर और हाई फ्लड लेवल 137.60 मीटर है। यहां जल स्तर कुछ दिनों से स्तर बना हुआ है।

यह गांव होंगे प्रभावित

लो प्लड लेवल तक यमुना के पहुंचने पर सदर तहसील के तनौरा नूरपुर, कैलाश, स्वामीबाग, फतेहाबाद तहसील के भरापुर, बमरौली, इधौन, मड़ायना, मेवली खुर्द, मेवली कलां, हुमायूंपुर, गुड़ा के गांव प्रभावित होंगे। मीडियम फ्लड लेवल तक यमुना के पहुंचने पर सदर तहसील के नगला बुर्ज, छीतर सिंह, मेहरा, नाहरगंज, महल बादशाही, नगला पैमा, नगला तल्फी, फतेहाबाद तहसील के शाहिदपुर, वरीपुरा, बेहड़ी, सिकरवार, बिचौला, गिधरौन, एत्मादपुर तहसील के नगला धीमर, रहनकलां, नगला कटा, बड़पुरा प्रभावित होंगे।