Cyclone Mocha: आगरा में दो दिन रहेगा मोका का असर, धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी के आसार
Updated : Mon, 15 May 2023 05:08 PM

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवर्ती तूफान मोका से रविवार शाम को मौसम बदल गया। 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी आफत लेकर आई। बिजलीघर चौराहे पर टावर गिर गया। देहात में एक मकान पर पेड़ गिर गया। जगह-जगह होर्डिंग गिर गए। इससे शहर और देहात में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार की सुबह तेज धूप के साथ हुई। गर्मी और उमस से अभी दो दिन राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
धूल भरी आंधी चली, छा गए बादल
शाम पांच बजे से मौसम बदल गया, धूल भरी आंधी चलने लगी, बादल छा गए। छह बजे के बाद आंधी तेज हो गई। बिजलीघर चौराहे पर लगा बीएसएनएल का टावर गिर गया। केबल के कारण टावर नीचे नहीं गिरा और अधर में अटका रह गया। कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। कई पेड़ भी टूट कर गिर गए। यमुना पार, कमला नगर, दयालबाग, आवास विकास कालोनी में कार पर पेड़ टूट कर गिर गया और तीन दर्जन होर्डिंग टूट कर गिर गए। इससे यातायात बाधित रहा। फतेहाबाद के गांव सारंगपुर में थान सिंह के घर में लगा नीम का पेड़ तेज आंधी में गिर पड़ा। इससे मकान ध्वस्त हो गया। पेड़ गिरने की आवाज से पूर्व ही स्वजन ने बाहर की ओर भागकर जान बचाई।
घर में गिर पेड़, 80 गांवों की बिजली गुल
फतेहाबाद के भीकनपुर में गुमान सिंह के घर में भी पेड़ गिरा, जिससे घर की दीवार गिर गई। गांव में बिजली का पोल गिरने से किसान हरजन की भैंस दबकर घायल हो गई। अछनेरा के बिचपुरी मार्ग स्थित रायभा में तिरंगा फहराने के लिए लगाया गया 155 फीट ऊंचा लोहे का पोल गिर गया। इसे दो माह पूर्व ही लगाया गया था। पिनाहट, पापरी नागर और सेहा फीडर से जुड़े 80 गांवों की बिजली गुल हो गई। उधर, बारिश से गर्मी से राहत मिल गई। रात को मौसम अच्छा हो गया। कुछ क्षेत्र में तेज बारिश हुई तो अधिकांश जगह बूंदाबांदी हुई। रात को तेज हवा चलती रही।
16 मई तक रहेगा मोका का असर
मौसम विज्ञानी डा. दानिश का कहना है कि अभी दो दिन मोका का असर रहेगा। इससे धूल भरी आंधी चलने के साथ बूंदाबांदी होगी। 17 मई तक मौसम साफ हो जाएगा और तेज धूप निकलेगी।