• Home
  • Sun, 27-Apr-2025

Breaking News


Agra News: ट्रांसफार्मर चोरों से आधी रात में पुलिस की मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर सहित चार गिरफ्तार, एक को लगी गोली

Updated : Mon, 03 Apr 2023 05:30 PM

आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार की आधी रात को बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जिसमें गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर घायल बदमाश और उसके तीन साथियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार घायल बदमाश का नाम राजेश निवासी भगतनपुरा थाना खेरा राठौर है। गिरफ्तार तीन अन्य बदमाशों के नाम शिशुपाल उर्फ चंगू निवासी सैंया, राजकुमार निवासी भगतनपुरा खेरा राठौर और दिनेश निवासी इटावा हैं।

ट्रांसफार्मर चोरी करते थे चोर

पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन सोमेंद्र मीणा ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपित शातिर हैं। वह ट्रांसफार्मर चोरी करते हैं। आरोपितों के खिलाफ पहले से कई अभियोग दर्ज हैं। जिनमें वह वांछित चल रहे थे। पुलिस को उनकी तलाश थी।रविवार की आधी रात को पुलिस को जैतपुर थाना क्षेत्र में उनके होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी करने पर गिरोह ने गोलियां चलानी शुरु कर दीं। भागने का प्रयास किया।

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के लगी गोली

इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक चोर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरोह का सरगना शिशुपाल है। वह हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक अभियोग दर्ज हैं। गिरोह देहात क्षेत्र में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को निशाना बनाता था। बिजली के तारों को काटने के ट्रांसफार्मर चोरी करके ले जाता था। जिन्हें वह कबाड़ी बाजार में बेच देता था। पुलिस उपायुक्त के अनुसार पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।