स्वाद के शौकीन हैं तो आइये चौपाटी, दक्षिण भारतीय, चाइनीज और इटेलियन हो या इंदौर का पान, मिलेगा सब कुछ
Updated : Sun, 12 Feb 2023 05:11 PM

स्वाद के शौकीन चौपाटी में ब्रज, दक्षिण भारतीय व राजस्थानी व्यंजनों के साथ कांटिनेंटल, कोरियन, चाइनीज व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। शनिवार को केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने चौपाटी का उद्घाटन किया। उन्हाेंने ब्रज के परंपरागत पकवानों की दुकानें बढ़ाए जाने और सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी बनाए जाने के निर्देश दिए।
जयपुर की तर्ज पर चौपाटी विकसित
एडीए द्वारा ताजनगरी फेज-टू में जोनल पार्क के पास करीब 7.5 करोड़ रुपये से जयपुर की तर्ज पर चौपाटी विकसित की गई है। यहां 30 कियोस्क (दुकान) बनाई गई हैं, जिनमें से 25 का आवंटन हो चुका है। शनिवार को उद्घाटन के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने चौपाटी का भ्रमण करने के साथ व्यंजनों का आनंद उठाया। उन्होंने पर्यटकों के लिए इसे उचित स्थल बताते हुए प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
15 तक 20 प्रतिशत छूट
चौपाटी में 15 फरवरी तक व्यंजनों पर 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यहां शनिवार को शहरवासियों को निश्शुल्क प्रवेश मिला। रविवार को भी प्रवेश निश्शुल्क रहेगा।
चौपाटी में ब्रज के मशहूर व्यंजन पेठा, नमकीन, चाट, बेड़ई, कचौड़ी, पूड़ी-सब्जी, पराठे मिलेंगे। राजस्थानी दाल-बाटी, चूरमा व ब्रज की चाट के साथ कोरियन, कांटिनेंटल, इटेलियन व चाइनीज व्यंजन यहां उपलब्ध हैं। इंदौर का पान, आइसक्रीम, कुल्फी, फालूदा, जूस व शेक भी यहां हैं।
विधायक डा. जीएस धर्मेश, भगवान सिंह कुशवाह, नगर विकास सचिव रंजन कुमार, मंडलायुक्त अमित गुप्ता, एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़, प्राधिकरण बोर्ड के नामित सदस्य नागेंद्र दुबे गामा, शिवशंकर शर्मा, मधु बघेल, दिगंबर सिंह धाकरे, गजल गायक सुधीर नारानयन, अभिनव मौर्य, एडीए सचिव गरिमा सिंह, मुख्य अभियंता चक्रेश जैन आदि मौजूद रहे।