बस ने रौंदा बाइक सवार युवक, पहिये के नीचे फंसकर हुई मौत, चालक गाड़ी लेकर फरार
Updated : Sat, 11 Feb 2023 05:56 PM

आगरा में यमुना किनारा मार्ग पर शनिवार की सुबह बस ने बाइक सवार को रौंद दिया। बस की चपेट में आए बाइक सवार की घटनास्थल पर मौत हाे गई। जिससे यमुना किनारा मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति पैदा हो गई। थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उसने यातायत काे सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार मरने वाले की पहचान मुलायम सिंह निवासी दयालबाग के रूप में हुई है।
आगरा किला की तरफ जा रहा था बाइक सवार
घटना शनिवार की सुबह करीब सवा दस बजे की है। जीवनी मंडी की ओर से बाइक सवार किले की तरफ जा रहा था। मोती गंज मंडी के सामने पीछे से आती बस ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। वह हेलमेट लगाए हुए था। उसका शरीर बस के पहिए की चपेट में आ गया। जिससे दुर्घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर भाग गया।
बस चालक के खिलाफ केस दर्ज
दुर्घटना के चलते यमुना किनारा मार्ग पर जाम लग गया। वाहनों का आवागमन रुक गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह छत्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बाइक सवार के शव को वहां से हटवाया। उन्होंने बताया कि बाइक सवार की पहचान मुलायम सिंह निवासी दयालबाग के रूप में हुई है। मामले में बस चालक के खिलाफ अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।