• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


जी-20 को पसंद आई प्रस्तावित नई पर्यटन नीति, वर्किंग ग्रुप की बैठक में जमकर की सराहना

Updated : Sat, 11 Feb 2023 05:53 PM

प्रस्तावित नई पर्यटन नीति को अभी भले केंद्र की मंजूरी नहीं मिल पायी है, लेकिन जी-20 में शामिल देशों के बीच नीति से जुड़ी पहलों ने वाहवाही बटोरी है। इनमें ग्रामीण व आर्कोलाजिकल पर्यटन जैसी पहल पर दुनिया ने आगे बढ़ने का संकल्प दिला है। खास बात यह है कि पर्यटन से जुड़ी जी-20 की पहली वर्किंग ग्रुप की बैठक हाल ही में कच्छ के रण (गुजरात) में आयोजित हुई थी, जिसमें पर्यटन मंत्रालय ने दुनिया के सामने जो एजेंडा रखा है, उनमें ज्यादातर विषय प्रस्तावित नीति से ही जुड़े हुए थे।

पर्यटन पर अप्रैल में होगी अगली बैठक

पर्यटन से जुड़ी जी-20 की अब अगली बैठक अप्रैल में सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) में प्रस्तावित है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के सचिव अरविंद सिंह ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा में कच्छ के रण (गुजरात) में पर्यटन से जुड़ी जी-20 की पहली वर्किंग ग्रुप की बैठक को काफी सफल बताया और कहा कि वह अपने एजेंडे को दुनिया के सामने मजबूती से रखने में सफल रहे है। जिसे जी-20 में शामिल सभी देशों ने सराहा भी है।

प्रस्तावित पर्यटन नीति को जल्द कैबिनेट की मंजूरी की उम्मीद

उन्होंने बताया कि बैठक में जी- 20 के लगभग सभी सदस्य देश और आमंत्रित देशों प्रतिनिधियों के साथ दुनिया के प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। बैठक में ग्रामीण पर्यटन पर मध्य प्रदेश और नगालैंड ने अपने उत्कृष्ट कार्यों को लेकर भी इस बैठक के दौरान प्रस्तुति दी। इस दौरान गुजरात ने आर्कोलाजिकल पर्यटन के लिहाज से विकसित किए गए धौलावीरा पुरातत्व स्थल को भी दुनिया भर के प्रतिनिधियों को दिखाया। इस बीच पर्यटन सचिव ने संकेत दिया है कि प्रस्तावित पर्यटन नीति को जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है।