• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


दो दोस्तों ने 10 हजार रुपये के विवाद में किया था कत्ल, बाेरे में बंद कर जलाई लाश, ताकि न हो शिनाख्त

Updated : Fri, 10 Feb 2023 06:17 PM

आगरा के फतेहपुर सीकरी में छात्र लवकुश की हत्या उसके मित्रों ने 10 हजार रुपये के विवाद में की थी। हत्या के बाद फिरौती का फोन साजिश का हिस्सा था। जिससे कि पुलिस अौर स्वजन को गुमराह किया जा सके। पिता राम प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया। उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपितों राजेश और मोंटी ने हत्या करना स्वीकार किया।

आरोपित राजेश और मोंटी ने पुलिस को बताया कि लवकुश को 10 हजार रुपये दिए थे। वह वापस नहीं कर रहा था। गुरुवार को कॉलेज जाते समय उसे रोक लिया। चाकू मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद शव को बोरे में रख कर आग लगा दी, जिससे कि उसकी पहचान नहीं हो सके। इसके बाद स्वजन को 10 लाख रुपये फिरौती का फोन कर दिया। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन सोनम कुमार ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।

गांव चार हिस्सा फतेहपुर सीकरी निवासी लवकुश पुत्र राम प्रसाद की आयु करीब 20 वर्ष थी। वह आगरा-जयपुर हाईवे पर स्थित रघुनाथ महाविद्यालय का छात्र था। पिता आटो चालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि लवकुश रोज की तरह सुबह 8:30 बजे घर से कालेज जाने को निकला था। सुबह 11:40 बजे पुत्र के नंबर से उनके मोबाइल पर फोन आया। दूसरी ओर से बात करने वाला कोई अपरिचित था। उनसे कहा कि 10 लाख रुपये फिरौती का इंतजाम कर लो। लवकुश हमारे कब्जे में है। दोपहर तीन बजे हम बताएंगे रकम लेकर कहां आना है। फिरौती नहीं दी तो लवकुश की हत्या कर देंगे।

अपहरण और फिरौती से दहशत में आए थे स्वजन

पुत्र के अपहरण और फिरौती के फाेन से स्वजन दहशत में आ गए। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने छात्र के मोबाइल की लोकेशन निकाली। वह फतेहपुर सीकरी मोड़ बाइपास पर मिली। स्वजन छात्र की खोजबीन में जुट गए। पुलिस को नगला कौरई मोड़ पर नीलम इंजीनियरिंग कालेज के पास एक खेत में युवक का शव मिलने की जानकारी मिली थी।

प्लास्टिक के बोरे में था अधजला शव

अधजला शव प्लास्टिक के बोरे में था। उसका चेहरा बुरी तरह से जला हुआ था। गले पर भी निशान थे। छात्र के पिता द्वारा अपहरण और फिरौती की सूचना देने पर पुलिस उन्हें घटनास्थल पर लेकर पहुुंची। पिता ने उसकी शिनाख्त लवकुश के रूप में की थी। पिता राम प्रसाद ने पुत्र के मित्रों राजेश और माेंटी के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया था।