• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


G-20: आगरा फोर्ट और ताजमहल की एडवांस आनलाइन टिकट बुकिंग बंद, मेहमानों के स्वागत में रोशनी से नहाएंगे स्मारक

Updated : Thu, 09 Feb 2023 05:15 PM

जी20 के प्रतिनिधियों के आगरा भ्रमण को यादगार बनाने के लिए आगरा किला, अकबर का मकबरा और एत्माद्दौला पर 10 से 12 फरवरी तक रोशनी की जाएगी। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) तैयारी में जुटा हुआ है।

10 की शाम को आएंगे आगरा

जी20 के प्रतिनिधि 10 फरवरी की शाम आगरा पहुंचेंगे। 11 को आगरा किला और 12 को ताजमहल की विजिट होगी। आम पर्यटकों के लिए 11 को किला और 12 को ताजमहल बंद रहेगा। 13 की सुबह सभी प्रतिनिधि वापस लौट जाएंगे। किला की दीवार पर अमर सिंह गेट से यमुना किनारा स्थित बंगाली बुर्ज और दिल्ली गेट की तरफ 200 मीटर लंबाई में रोशनी की जाएगी। स्मारक के अंदर अकबरी महल, जहांगीरी महल, दीवान-ए-आम को रोशन किया जाएगा। अमर सिंह गेट से दीवान-ए-आम तक फुट लाइटिंग होगी। अतिथियों का पारंपरिक स्वागत अमर सिंह गेट पर किया जाएगा।

मकबरे में होगी लाइटिंग

अकबर के मकबरे में प्रवेश द्वार, कांच महल और लोदी के मकबरे पर लाइटिंग की जाएगी। एत्माद्दौला के प्रवेश द्वार और यमुना किनारा स्थित बारादरी को रोशन किया जाएगा। दीवान-ए-आम में होगी प्रोजेक्शन मैपिंग: आगरा किला के दीवान-ए-आम में 11 फरवरी की शाम महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आधा घंटे की प्रोजेक्शन मैपिंग कराई जाएगी। इसमें देश की सांस्कृतिक विरासत और भारतीय संस्कृति की विविधता को दर्शाया जाएगा।

आनलाइन टिकट बुकिंग कराई बंद

अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. राजकुमार पटेल ने बताया कि 11 फरवरी को किला और 12 को ताजमहल की एडवांस आनलाइन टिकट बुकिंग बंद कर दी गई है। किला और ताजमहल में जी20 के प्रतिनिधियों की विजिट की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।