खाकी पर लगा दाग, दबिश के दौरान दाराेगा ने महिलाओं से की अभद्रता, निलंबित हुआ
Updated : Sat, 04 Feb 2023 05:37 PM

आगरा में सिकंदरा के बाईपुर गांव में दबिश के दौरान महिलाओं से अभद्रता का वीडियो शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया में फैल गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए दारोगा दीपक चौहान को निलंबित कर दिया। वहीं, दारोगा का कहना है कि अभद्रता उनके साथ हुई थी। उन्होंने अपना बचाव किया था। मामले में तीन महिलाओं समेत छह के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है।
24 जनवरी की रात की घटना
प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने बताया कि घटना 24 जनवरी की रात की है। बाईपुर गांव में तीन युवक शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। दारोगा दीपक चौहान ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। युवक अभद्रता करते हुए भाग गए। दारोगा आरोपितों के पीछा करते उनके दरवाजे तक गए। वहां पर महिलाएं उनसे उलझ गईं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
शुक्रवार को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें दारोगा महिलाओं से अभद्रता के साथ ही गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा है। अनुमान है कि वीडियो घटना के समय छत पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया। जिसने उसे सोशल मीडिया में प्रसारित कर दिया। वीडियो पर पुलिस उपायुक्त नगर जोन विकास कुमार ने संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि दारोगा को दीपक चौहान को निलंबित कर दिया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।