• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


नौकरी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया फिर ढकेल दिया देह व्यापार की गंदगी में, युवती की सूझबूझ से सात धराए

Updated : Thu, 02 Feb 2023 05:22 PM

शहर के सीमावर्ती टेड़ी बगिया क्षेत्र में देह व्यापार का संगठित गिरोह सक्रिय है। अच्छी नौकरी का झांसा देकर किशोरियों को अपने जाल में फंसाने के बाद गलीच धंधा कराया जाता है। विभिन्न क्षेत्रों में किराए पर कमरा लेकर ग्राहक बुलाए जाते हैं। ऐसे ही चंगुल में फंसी एक किशोरी ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाई। थाने पहुंच शिकायत की। पुलिस ने प्रेमी और तीन ग्राहकों सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

ताजगंज क्षेत्र की ये किशोरी कुबेरपुर स्थित एक मीट फैक्ट्री में अपनी मां के साथ पैकिंग का काम करती थी। वहां काम करने वाले समीर से दोस्ती हो गई। 26 जनवरी को वो समीर के पास गई थी। समीर ने अगले दिन उसे छलेसर में फरजाना को सौंप दिया। फरजाना उसे लेकर फिरोजाबाद में अपनी परिचित आसमा के पास पहुंची। नौकरी लगवाने का झांसा देकर दोनों उसे खंदौली लाईं और यहां मीना को सौंप दिया। किशोरी को टेड़ी बगिया क्षेत्र में एक कमरे में रखा गया। यामीन निगरानी करता रहा।

किशोरी ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी को ग्राहक बनकर आए तीन लोगों ने उससे दुष्कर्म किया। किशोरी की काउंसिलिंग के बाद 30 जनवरी को बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष डा. मोनिका सिंह के निर्देश पर पुलिस ने अभियोग दर्ज किया। प्रभारी निरीक्षक ताजगंज बहादुर सिंह ने बताया कि सात आरोपितों को जेल भेजा गया है। किशोरी के पिता ने भी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

इस तरह आरोपितों पर कसा शिकंजा

पुलिस ने सबसे पहले मोहम्मद समीर निवासी गालिब नगर एत्मादपुर को पकडा। उससे पूछताछ के बाद छलेसर से फरजाना और फिरोजाबाद से आसमा को दबोचा। फिर खंदौली में मीना और इस्लामनगर में यामीन को गिरफ्तार किया। ग्राहक बनकर आए संजीव मित्तल निवासी कमला नगर और योगेश दीक्षित को आवास विकास कालोनी से पकड़ा। संजीव मसाले का और योगेश पेंट का व्यापारी है। दुष्कर्म का तीसरा आरोपित फरार है।

डेटिंग एप पर नौकरी के लिए रखी युवती से दुष्कर्म

हरीपर्वत पुलिस ने हेलो गैंग के सदस्य दिग्विजय परिहार को दो दिन पहले धोखाधड़ी व दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजा था। एक युवती ने पुलिस को बताया कि दिग्विजय ने उसे डेटिंग एप पर नौकरी के लिए रखा था। उसे होटल में लेकर गया। नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। दुष्कर्म किया। जिसकी वीडियो बना ली। एक वर्ष से शारीरिक शोषण कर रहा था। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ जल्दी ही आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया जाएगा।