मार्केटिंग मैनेजर की कार यमुना में डूबी मिली, निकालने काे रेस्क्यू
Updated : Tue, 24 Jan 2023 05:46 PM

न्यू आगरा के अमर विहार चौकी क्षेत्र स्थित पुष्पांजलि सीजन अपार्टमेंट के रहने वाले 55 वर्षीय प्रकाश पेरवानी तीन दिन पहले कार समेत गायब हो गए थे। वह परिचित के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। पुलिस को सोमवार की शाम को एक कार यमुना में डूबने की सूचना मिली। कार मार्केटिंग मैनेजर की थी। अनुमान है कि वह कार समेत यमुना में डूब गए। हालांकि पुलिस ने मार्केटिंग मैनेजर के डूबने की पुष्टि नहीं की है।
पेपर कारोबारी के यहां है मार्केटिंग मैनेजर
पुष्पांजलि सीजन अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 504 में रहने वाले प्रकाश पेरवानी जीवनी मंडी में एक पेपर कारोबारी के यहां मार्केटिंग मैनेजर हैं। मां के साथ फ्लैट में रहते हैं। वह शनिवार की रात को सौ फुटा मार्ग पर स्थित एक रिसोर्ट में परिचित के शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात तक नहीं आए तो मां ने रिश्तेदारों से संपर्क किया।
न्यू आगरा में दर्ज कराई थी गुमशुदगी
रिश्तेदारों ने न्यू आगरा थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने अमर विहार से पुष्पांजलि सीजन मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जिसमें 12:12 बजे उनकी कार एक फार्म हाउस के पास दिखाई दी। वहां से उनका घर 300 मीटर दूर है। पुलिस उनके गायब होने की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी। सर्विलांस टीम से पता चला कि प्रकाश का मोबाइल रात 12:15 बजे बंद हो गया था। सोमवार की शाम को एक मछुआरे ने पुलिस को जानकारी दी। बताया कि उसका जाल फंस गया था। वह नीचे उतरा तो यमुना के बीच में एक कार उसे फंसी दिखाई दी।