पठान की रिलीज के साथ खुलेंगे बंद पड़े ये 25 सिनेमाघर, कोरोना पैनडेमिक में पड़ गये थे ताले
Updated : Mon, 23 Jan 2023 05:07 PM

शाह रुख खान की फिल्म पठान को लेकर बने माहौल से हिंदी फिल्म कारोबार की उम्मीदों को पर लग गये हैं। बॉलीवुड को लम्बे अर्से से जिस बड़ी कामयाबी का इंतजार था, उसकी झलक पठान में देखी जा रही है। माना जा रहा है कि शाह रुख की वापसी के साथ बॉक्स ऑफिस की खोई हुई रौनक भी लौटेगी।
सबसे ज्यादा खुश सिंगल स्क्रीन थिएटरों के मालिक हैं, जिनके कारोबार की लगभग दो साल के पैनडेमिक ने कमर तोड़कर रख दी। प्रतिबंधों के चलते ज्यादा सिनेमाघर बंद हो गये और जब प्रतिबंध हटे तो फिल्मों को दर्शक नहीं मिल रहे थे। कोरोना वायरस पैनडेमिक के बाद आधा दर्जन भी ऐसी हिंदी फिल्में नहीं आयीं, जिन्हें देखने के लिए दर्शक टूट पड़ें। मगर, अब पठान से सिंगल स्क्रीन थिएटर्स को अपने दिन बहुरने की आस जग गयी है।
फिल्म से जुड़ी टीम की ओर से जो जानकारी सामने आयी है, उसके मुताबिक पठान के साथ जिन सिनेमाघरों को खोला जा रहा है, उनमें सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश के 11, राजस्थान के 7 और मध्य प्रदेश के दो सिनेमाघर शामिल हैं। इनके अलावा मुंबई, गोंदिया (महाराष्ट्र), छत्तीसगढ़, गोवा और उत्तराखंड का एक-एक सिंगल स्क्रीन थिएटर शामिल है। ये सभी सिंगर स्क्रीन सिनेमाघर इन राज्यों के छोटे-छोटे शहरों या कस्बों में स्थित हैं। पूरी लिस्ट नीचे देख सकते हैं-
उत्तर प्रदेश
- ज्ञान सिनेमा, महमूदाबाद
- कार्निवल टीजीआईपी सिनेमा, नोएडा
- पीडीआर सिनेमा, वाराणसी
- एम सिनेमा, बिंदकी
- कविता सिनेमा, लोनी
- रामा सिनेमा, जौनपुर
- सिनेशाइन सिनेमा, छिबरामऊ
- जेसी पैलेस सिनेमा, बदायूं
- कपिल सिनेमा, मवाना
- मधुवन सिनेमा, डासना
- राजकरन सिनेमा, इलाहाबाद
राजस्थान
- कोहिनूर सिनेमा, सूरतगढ़
- जेम सिनेमा, जयपुर
- गीता टॉकीज, हिंडौन
- संगम सिनेमा, खंडेला
- ड्रीमलाइट सिनेमा, सुजानगढ़
- प्रकाश टॉकीज, नवलगढ़
- जेआरसी मूवी पैलेस, फतेहपुर
मध्य प्रदेश
- ज्योति सिनेमा, इंदौर
- प्रभात टॉकीज, बीना
महाराष्ट्र
- प्रभात टॉकीज, गोंदिया
- कार्निवल आर मॉल, मुलुंड
गोवा
सिनेकमला, पोंडा
छत्तीसगढ़
लाजवंती टॉकीज, विश्रामपुर
उत्तराखंड
एसजीएल हेरिटेज सिनेमा, अल्मोड़ा
बड़ी ओपनिंग का अनुमान
ट्रेड जानकारों के अनुसार, एडवांस बुकिंग में पठान के साढ़े तीन लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जोरदार ओपनिंग लेने वाली है। पठान, यशराज फिल्म्स के स्पाइ यूनिवर्स की पहली फिल्म है। फिल्म में सलमान खान और ऋतिक रोशन के कैमियो होने की खबर भी है। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित पठान में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम मुख्य भूमिकाओं में हैं। पठान हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज हो रही है।