दिनदहाड़े सर्राफ को लूटकर गोलियां चलाईं, लोहामंडी बाजार बंद करने को व्यापारियों की बैठक
Updated : Sun, 22 Jan 2023 04:48 PM

आगरा में लोहामंडी के बल्देवगंज में शनिवार को सर्राफ की दुकान में घुसकर दुस्साहसिक लूट के विरोध में व्यापारियों मेें जबरदस्त आक्राेश है। रविवार को सराफा, कपड़ा और लोहा व्यापारियों ने बल्देवगंज के गुप्तेश्वर मंदिर पर बैठक की। व्यापारियों द्वारा बाजार को अनिश्चितकालीन बंद करने को लेकर बैठक की जा रही है। जिसमें दर्जनों व्यापारी और फड़ वाले भी शामिल हुए। घटना से बाजार में रविवार को भी आक्रोश दिखाई दिया। व्यापारी संगठन बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों से वार्ता करेंगे। जिसमें अागे की रणनीति तय की जाएगी।
तीन बदमाशों ने बोला था दुकान पर धावा
बल्देवगंज चौराहे पर शनिवार की दोपहर 2:55 बजे सर्राफ नारायण अग्रवाल की दुकान में तीन बदमाशों ने धावा बोल दिया था। वह साढ़े तीन लाख रुपये की कीमत की सोने की चेन लूटकर ले गए। विरोध करने पर बाजार में ताबड़तोतड़ गोलियां चलाकर चार लोगों को घायल कर दिया था। घायलों सोनू बघेल, शरीफ,दिलशाद और नितिन अरोड़ा के पैरों में गोलियां लगी थीं। चारों की हालत खतरे से बाहर हैं।
बाजार कर दिया बंद, पुलिस को दिया अल्टीमेटम
व्यापारियाें ने शनिवार को बाजार बंद कर दिया था। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लुटेरों को पकड़ने के लिए अल्टीमेटम दिया था। बाजार में पुलिस पिकेट तैनात करने की मांग की थी। व्यापारियों का कहना था व्यस्त बाजार में जहां पैदल निकलना भी मुश्किल होता है। वहां पर बदमाश दिनदहाड़े लूट कर ले गए। बाजार में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर चार लोगों को घायल कर दिया।