G-20 Summits Agra: प्रदेश की पहली बार्ममिक्स तकनीक की सड़क का होगा निर्माण, नहीं उखड़ेगी
Updated : Sat, 21 Jan 2023 05:04 PM

जी-20 देश प्रतिनिधिमंडल के आगमन से पहले प्रदेश में पहली बार कम तापमान में सड़क निर्माण(बार्ममिक्स) तकनीक का प्रयोग शुक्रवार को आइ लव आगरा प्वाइंट से हुआ। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान(सीएसआइआर) के वैज्ञानिकों के निर्देशन में तकनीक का प्रजेंटेशन दिया गया। आइ लव आगरा प्वाइंट से होटल हावर्ड प्लाजा तक बनने वाली सड़क का निर्माण पांच फरवरी तक कर लिया जाएगा।
उखड़ती नहीं हैं ये सड़कें
सीएसआइआर की वैज्ञानिक अंबिका बहल ने बताया कि इस तकनीक का प्रयोग कर ठंड के मौसम में भी उच्च गुणवत्ता के साथ सड़क बनाई जा सकती हैं। इसके देखरेख की भी ज्यादा जरूरत नहीं है।यह सड़कें उखड़ती भी नहीं हैं। शहर में बनाई जाने वाली सड़क टिकाऊ व इकोफ्रेंडली भी होगी। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया कि पहली बार बार्ममिक्स तकनीक से सड़क बनाई जा रही है। इस तकनीक से बनने वाली सड़क आम सड़कों की तुलना में ज्यादा चलती हैं।
ठंडे इलाकों में अभी तक इस तकनीक पर बनी सड़कों पर हुए शोध से पता चला कि वो सड़कें तीन साल तक चली हैं। पर्यावरण में कम कार्बन का उत्सर्जन होता है और डीजल की खपत भी कम होगी।
क्या है बार्ममिक्स तकनीक
सीआरआइआर की वैज्ञानिक ने बताया कि बार्ममिक्स तकनीक में बिटुमिन में ईवोथर्म नाम का केमिकल मिलाया जाता है। कम तापमान पर ये बिटुमिन को आपस में जोड़े रखने में मदद करता है। इस तकनीक से जीरो डिग्री में भी सड़क बनाई जा सकती है, आम तकनीक से सड़क की मरम्मत के लिए सर्दी कम होने का इंतजार करना पड़ता है।इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता श्री पीके शरद, जीके वार्ष्णेय, डीके सिंह एवं आनंद सिंह मौजूद रहे।