खेलते समय गायब हुआ था मासूम, दस घंटे के अंदर खोज निकाला, लोगों ने पुलिसकर्मियों का फूलों से किया स्वागत
Updated : Wed, 18 Jan 2023 02:48 PM

हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड के बीच मासूम बच्चा अपने जुड़वा भाई के साथ घर के बाहर खेलते समय देर रात गायब हो गया था। बच्चे के स्वजनों को देर रात तक जब बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। स्वजन ने पुलिस थाना में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे को खोजने के लिए रात भर प्रयास किया। सुबह पुलिस को सफलता मिली।
शाम के समय खेलते समय गायब हुआ था बच्चा
विगत रात्रि करीब 9 बजकर 30 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि गढ़ी शक्कन निवासी असद उम्र सात वर्ष देर शाम अपने जुड़वा भाई अरशद के साथ खेल रहा था। इसी दौरान असद अचानक से गायब हो गया। देर रात तक बच्चे को स्वजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मासूम की तलाश में जुट गई। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने पुलिस की दो टीमें बनाईं एक टीम सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गई। वहीं थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह टीम के साथ घटना स्थल के आसपास खोजने में जुट गए।
घर के बक्से, बेडरूम के नीचे, खेतों में खोजा
थाना पुलिस ने धारा 363 के तहत मुकदमा दर्ज कर मासूम की खोजबीन में जुट गई। पुलिस टीम ने पहले तो मासूम बच्चे के घर में तलाश किया। उसके बाद आसपास के घरों के बक्से, बेड रूम के नीचे खोजा। लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने एक टीम घटना स्थल के एक किलोमीटर के आसपास खेतों में खोजबीन में जुट गई। यूपी राजस्थान सीमा पर वाहन चेकिंग की गई। रात भर पुलिस की गाड़ियों के सायरन बजते रहे। सुबह करीब सात बजे मासूम बच्चा घर के पीछे खेत में मिला। जिसके बाद पुलिस टीम तथा स्वजनों ने राहत की साँस ली।