48 घंटे बाद भी पाइप लाइन की मरम्मत नहीं, पानी के लिए भटके ढाई लाख लोग
Updated : Fri, 13 Jan 2023 12:42 PM

पुराने शहर के लिए जलापूर्ति करने वाली पानी की पाइप लाइन 48 घंटे बाद भी ठीक नहीं हुई। दो जगह पाइप लाइन फटने से ढाई लाख लोग पानी के लिए भटकते रहे। गुरुवार को जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के पास काली माता मंदिर और कृष्णा कालोनी में जलकल के कर्मचारी पाइप लाइन लीकेज की मरम्मत में जुटे रहे।
शुक्रवार को काम पूरा होने की उम्मीद है। जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से पुराने शहर में 28 इंच की पाइप लाइन से जलापूर्ति की जाती है। मंगलवार को काली माता मंदिर और कृष्णा कालोनी के सामने पाइप लाइन में लीकेज हो गई थी। बुधवार रात को जलकल की टीम ने काम शुरू किया।
सर्दी के चलते काम की गति धीमी रही। खोदाई करने के बाद पाइप लाइन में भरा पानी निकाला गया। सुबह जलकल कर्मियों ने पाइप लाइन की मरम्मत के लिए कालर डालने का काम शुरू किया।
ठीक होने में लगेगा एक और दिन
जलकल सचिव एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पाइप लाइन में लीकेज अधिक है, इसे ठीक होने में एक दिन लग सकता है। सर्दी में रात में कर्मचारी काम कर रहे हैं। शुक्रवार शाम तक जलापूर्ति बहाल हो सकती है। उधर, कोतवाली क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन के लिए इंटरकनेक्शन के लिए तीन दिन शटडाउन लिया गया था। काम पूरा होने के बाद जलापूर्ति सुचारू होनी थी इससे पहले ही पाइप लाइन में लीकेज हो गई।