ताजमहल से निराश होकर लौटे हजारों सैलानी, बुधवार को दोपहर में ही बंद कर दी गई थी टिकट विंडो
Updated : Thu, 12 Jan 2023 05:13 PM

गुयाना के राष्ट्रपति की ताजमहल की विजिट पर्यटकों के लिए परेशानी बन गई। दोपहर दो बजे टिकट विंडो बंद कर दी गईं। 2:30 बजे पूर्वी व पश्चिमी गेट से पर्यटकों का प्रवेश भी बंद कर दिया गया। इसके बाद यहां पहुंचे पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ा। गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली का ताजमहल देखने का समय शाम 4:15 बजे से 6:30 बजे तक या विजिट पूरा होने तक निर्धारित था। उनकी विजिट के चलते दोपहर दो बजे ही पूर्वी व पश्चिमी गेट स्थित टिकट विंडो बंद कर दी गईं। 2:30 बजे स्मारक में प्रवेश बंद कर दिया गया।
पर्यटकों के लिए दोपहर 2:30 बजे ताजमहल के गेट बंद होने के बाद फिर खुले ही नहीं। राष्ट्रपति की विजिट को तीन बजे से ही पर्यटकों को स्मारक से बाहर निकालना शुरू कर दिया गया था। राष्ट्रपति अपने निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से शाम 5:15 बजे ताजमहल पहुंचे और 6:15 बजे तक स्मारक में रहे। बुधवार को 7,999 पर्यटकों ने ताजमहल देखा। दोपहर तक रहा कोहरा: सुबह कोहरा छाए रहने से पर्यटकों की ताजमहल विजिट में व्यवधान पड़ा। दोपहर 12 बजे तक कोहरे का असर रहा। वीडियो प्लेटफार्म से ताजमहल नजर नहीं आया।