Agra Central Jail : कैदी ने लिखा पत्र, कहा- यहां पर जो डॉक्टर तैनात हैं, वो हर बात में वसूली करते हैं
Updated : Wed, 11 Jan 2023 05:17 PM

आगरा की सेंट्रल जेल से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक कैदी ने लिखित शिकायत देकर डॉक्टर पर कतिथ तौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कैदी ने कहा है कि पैसे नहीं देने पर डॉक्टर द्वारा कैदियों को मनोरोगी करार दिया जाता है।
कैदी ने लगाए गंभीर आरोप
कैदी ने लिखित रूप से दी शिकायत में कहा है कि सर यहां पर जो डॉक्टर तैनात हैं। वो हर बात में वसूली करते हैं। इलाज के नाम पर कई बंदियों से वसूली करते हैं। बदले में रुपये मांगते हैं। इस बात से हम लोग बहुत आहत हैं। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और अपर जिला सत्र न्यायाधीश ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने शिकायतों को गंभीरता से लिया है। इसको लेकर उन्होंने शासन को पत्र लिखा है।
18 साल से तैनात हैं डॉक्टर
सत्र न्यायाधीश ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने सेंट्रल जेल का निरीक्षण किया था। इस दौरान वहां कुछ बंदियों ने वहां तैनात डॉक्टर देवेंद्र सिंह पर आरोप लगाए थे। उन्होंने बताया कि सेंट्रल जेल में डॉक्टर 18 साल से तैनात हैं। जबकि नियमों के अनुसार जिले में तीन साल से ज्यादा और मंडल में आठ साल से ज्यादा तैनाती नहीं हो सकती। इसके बाद जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे कैदी विक्रम ने लिखित शिकायत दी थी।