गायक अदनान सामी ने आंध्र के सीएम जगन को दिखाया आईना, कहा- हम पहले हैं भारतीय
Updated : Wed, 11 Jan 2023 05:05 PM

गायक अदनान सामी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी को आईना दिखाते हुए कहा कि सबसे पहले हम सभी लोग भारतीय हैं। अलगाववाद का रवैया ठीक नहीं है। दरअसल एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म आरआरआर के गीत के तेलुगु वर्जन 'नाटू-नाटू' को गोल्डन ग्लोब पुरस्कार 2023 में सर्वश्रेष्ठ मूल गीत का पुरस्कार मिला है।
जगन मोहन रेड्डी ने 'नाटू-नाटू' गाने के पुरस्कार जीतने पर दी बधाई
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने 'नाटू-नाटू' के पुरस्कार जीतने पर बुधवार को बधाई देते हुए ट्वीट किया, तेलुगु झंडा ऊंचा लहरा रहा है। पूरे आंध्र प्रदेश की ओर से, मैं आरआरआर की पूरी टीम को बधाई देता हूं। हमें आप पर बहुत गर्व है। जगन के इस ट्वीट पर गायक अदनान सामी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि हम सभी पहले भारतीय हैं, अलगाववाद का यह रवैया ठीक नहीं है।
अदनान सामी ने जगन मोहन रेड्डी की ट्वीट पर दी प्रतिक्रिया
अदनान ने जगन के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, तेलुगु झंडा? आपका मतलब भारत का झंडा है? हम सभी पहले भारतीय हैं। इसलिए कृपया देश के बाकी हिस्सों से खुद को अलग करना बंद करें। हम एक देश हैं। यह अलगाववाद का रवैया ठीक नहीं है, जैसा कि हम 1947 में देश चुके हैं।
बता दें कि अदनान सामी को साल 2016 में भारतीय नागरिकता दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने पाकिस्तान की नागरिकता को छोड़ दिया था। उन्हे साल 2020 में भारत सरकार की ओर से संगीत के क्षेत्र में दिए अपने योगदान के लिए देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। अदनान के ट्वीट के बाद इंटरनेट मीडिया पर बहस तेज हो गई है।