Pathaan Trailer: यह तो सिर्फ ट्रेलर है... पिक्चर अभी बाकी है! पठान के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद का दावा
Updated : Wed, 11 Jan 2023 04:51 PM

साल 2023 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक पठान का ट्रेलर रिलीज से ठीक 15 दिन पहले 10 जनवरी को रिलीज कर दिया गया और आते ही यह छा गया। सोशल मीडिया में सिर्फ पठान के ट्रेलर की बातें हो रही हैं। ट्रेलर में फिल्म के एक्शन दृश्यों पर ज्यादा जोर दिया गया है।
शाह रुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम हैरतअंगेज एक्शन करते दिख रहे हैं। कहानी पर बहुत ज्यादा फोकस नहीं दिया गया है। अब निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने इसको लेकर दावा किया है कि ट्रेलर में बेस्ट दृश्य दिखाये गये हैं, मगर फिल्म में इन दृश्यों का स्केल अलग ही है।
इसीलिए, यह ट्रेलर स्ट्रेटजिक तौर पर बनाया गया। ट्रेलर पठान फिल्म के कुछ खास लम्हों की झलकभर दिखाता है, लेकिन वो दृश्य क्या है, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। इसकी विशालता स्क्रीन पर देखने के बाद ही समझ में आएगी। पठान का ट्रेलर इस बात को सही साबित करता है- यह तो बस ट्रेलर है।
पठान के लिए मेकर्स ने प्रचार की रणनीति भी बदली। आम तौर पर टीजर के बाद ट्रेलर लॉन्च किया जाता है, मगर पठान के केस में पहले गाने रिलीज किये गये। बेशरम रंग के बाद झूमे जो पठान गाना रिलीज किया गया था। बेशरम रंग गाने को लेकर विवाद भी खूब हुआ। दीपिका पादुकोण की भगवा बिकिनी से भावनाएं आहत हुईं। वहीं, कई लोगों ने गाने पर अश्लील होने का आरोप लगाया। हालांकि, इन विवादों के बावजूद बेशरम रंग गाना हिट रहा और खूब सुना-देखा जा रहा है। पठान हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में भी आ रही है।