अभी दो दिन परेशन करेगी गलन-ठिठुरन, जल्द बदलेगा मौसम, बारिश के बन रहे आसार
Updated : Sun, 08 Jan 2023 04:37 PM

ठंड की मार अभी दो दिन और लोगों को परेशान करेगी। रविवार शाम से गलन व ठिठुरन कम पड़ना शुरू होगी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार को मौसम का मिजाज बदल जाएगा लेकिन छह से सात दिनों के बाद ठंड फिर से वापसी करेगी। दिन और रात के तापमान में तेजी से कमी आएगी। कोहरा भी रहेगा।
विक्षोभ ताजनगरी के पास पहुंच गया
जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान के बार्डर पर पश्चिमी विक्षोभ बना था। यह विक्षोभ ताजनगरी के पास पहुंच गया है। इसी के चलते पिछले तीन दिनों से गलन व ठिठुरन पड़ रही है। शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम रहा। दोपहर 12 बजे के बाद सूरज दर्शन हुए। धूप निकलने के चलते अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस (से.) की बढ़ोतरी हुई और तापमान 13.4 डिग्री से. पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। यह 6.8 डिग्री से. पर पहुंच गया।
मौसम विभाग के निदेशक डा. दानिश ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के चलते गलन व ठिठुरन बढ़ी है। सोमवार सुबह से ठंड से राहत मिलेगी। इससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।