कुएं में लटका मिला युवती का शव, युवक के साथ गई थी लड़की, पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत की गुत्थी
Updated : Sat, 07 Jan 2023 05:24 PM

आगरा जिले में घर से गायब एक युवती का शव नौ घंटे बाद कुएं में फंदे पर लटका मिला। गले में दुपट्टे का फंदा बना हुआ था। उसे गांव का ही युवक घर से बुलाकर ले गया था। स्वजन ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर से बुलाकर ले गया था युवक
खेरागढ़ के एक गांव की 18 वर्षीय युवती के पिता किसान हैं। पिता के मुताबिक गुरुवार शाम को वह खेत पर थे। घर पर अन्य सदस्य थे, तभी गांव का ही युवक पहुंचा और बेटी को बुलाकर ले गया। आठ बजे तक बेटी घर नहीं आई तो उन्हें चिंता हुई। बेटी की तलाश में पूरे गांव में खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। इसके बाद स्वजन ने पुलिस की मदद ली। पुलिस ने भी प्रयास किए। सफलता नहीं मिलने पर पुलिस लौट गई। रात 1:30 बजे स्वजन को उसका शव घर से बमुश्किल 100 मीटर दूर स्थित कुएं में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन सत्यजीत गुप्ता का कहना है कि स्वजन की तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। युवती की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।