आगरा से आधी आबादी को पूरे देश में मजबूती देगा जी-20, फरवरी में आएंगे सदस्य
Updated : Fri, 06 Jan 2023 05:06 PM

जी-20 (G-20 Summit)देशों के सदस्यों के आगमन की तारीख बदल गई है। नौ व दस फरवरी के बदले सदस्य अब 11 व 12 फरवरी को आएंगे। आगरा में ताजमहल सहित अन्य स्मारकों का भ्रमण करेंगे जबकि यहां पर अहम बैठक भी होगी। इस बैठक में आधी आबादी को सशक्त करने पर चर्चा होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हो सकते हैं। यही नहीं, अगस्त में भी दो अहम बैठकें होने जा रही हैं। जल्द ही इन बैठकों का विषय तय होगा। दोनों बैठकों में 80 से अधिक सदस्य व अधिकारी शामिल होंगे।
आगरा में अभी तक फरवरी में ही जी-20 देशों के सदस्यों का कार्यक्रम तय था। इस कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण को लेकर बैठक होगी। यह बैठक होटल ताज कन्वेंशन में होगी। इस बैठक में चीन, कनाडा, ब्राजील, जापान, फ्रांस, रूस, टर्की, जर्मनी सहित अन्य देशों के सदस्य शामिल होंगे। सदस्यों के अलावा केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी भी होंगे। पांच से दस साल में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण को लेकर क्या कदम उठाए हैं। इनका प्रेंजेटेशन भी दिया जाएगा।
डीएम नवनीत सिंह चहल ने बताया कि सदस्यों के आगमन को देखते हुए तीन होटलों को बुक किया गया है। अगस्त में दो अहम बैठकें होंगी। इन बैठकों में जी-20 देशों के सदस्य शामिल होंगे।
आठ खंड में बांटा गया संबंधित रूट
खेरिया एयरपोर्ट से ताज पूर्वी गेट, एमजी रोड, नेशनल हाईवे-19 स्थित भगवान टाकीज चौराहा से सिकंदरा स्मारक को आठ खंड में बांटा गया है। प्रत्येक खंड में एक नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है। नोडल अधिकारी के अधीन आठ से दस अधिकारियों को लगाया गया है। यह अधिकारी हर दिन संबंधित रूट का निरीक्षण करेंगे। सुंदरीकरण सहित अन्य कार्य कराएंगे।