शीतलहर से कांपे लोग, मौसम विभाग का दावा अभी नहीं मिलेगी राहत
Updated : Fri, 06 Jan 2023 05:03 PM

उत्तर भारत में शीत लहर का असर अभी जारी रहेगा। कोहरे व गलन से कुछ दिन राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी घना कोहरा रहेगा। शीत लहर चलने से गलन अधिक रहेगी। नौ जनवरी तक सुबह के समय कोहरा या धुंध छाई रहेगी। उधर, गुरुवार को बुधवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई।
बुधवार काे आगरा प्रदेश के ठंडे शहरों में तीसरे नंबर पर रहा था। गुरुवार को आगरा प्रदेश में 13वें नंबर पर पहुंच गया। गुरुवार सुबह सूरज ने दर्शन नहीं दिए। कोहरा छाया रहा और गलन अधिक रही। इससे लोगों की कंपकंपी छूटती रही। सर्दी से बचने को लोग अलाव व रूम हीटर का सहारा लेते नजर अाए। दाेपहर में हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन गलन अधिक रही।
मौसम विभाग के निदेशक दानिश के अनुसार शुक्रवार को घना कोहरा छाएगा। शीतलहर की वजह से गलन अधिक रहेगी। सात से नाै जनवरी तक सुबह के समय कोहरा व धुंध छाई रहेगी।