तोता 'बाबू' का मालिकाना हक विवाद, अब कमिश्नर तक पहुंचा मामला
Updated : Fri, 06 Jan 2023 05:00 PM

अफ्रीकन तोते बाबू के मालिकाना हक का मामला एक बार फिर पुलिस के पास पहुंचा है। गुरुवार को पुलिस आयुक्त के सामने दूसरे पक्ष मुनेंद्र जैन पेश हुए। उन्होंने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र के साथ समझौता पत्र दिया। कहा कि तोता उन्हें मिलना था। पुलिस ने तोता अजय कुमार वर्मा को दे दिया। पुलिस ताेते को लेकर एक बार फिर असमंजस मे है।
कमला नगर थाने में दी थी शिकायत
बल्केश्वर के पंजा पजाया निवासी मुनेंद्र कुमार जैन ने 15 दिसंबर को कमला नगर थाने में शिकायत की थी। आरोप लगाया कि अजय कुमार वर्मा ने उनके विदेशी तोते को रख लिया है। चार वर्ष पहले वह तोता अजय को देकर गए थे। अब उसे वापस नहीं कर रहे हैं। जिस पर कमला नगर पुलिस ने दोनों पक्ष को तोते के साथ बुलाया था। वहां कई घंटे पंचायत चली।
ताेते ने लगाई थी मुनमुन कहां हो की रट
तोते का पिंजरा थानाध्यक्ष के कमरे में रखवा दिया गया। इस बीच अजय वर्मा ने पुत्री मुनमुन को आवाज लगाई। जिस पर तोते ने मुनम़ुन कहां हो की रट लगानी शुरू कर दी। पुलिस ने तोते को अजय कुमार वर्मा के परिवार को दे दिया था।