• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


प्रसाद के रूप में जहरीला लड्डू खिला मजदूरों को मारना चाहता था युवक

Updated : Thu, 05 Jan 2023 05:08 PM

ईंट-भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों को प्रसाद के रूप में किसी अज्ञात व्यक्ति ने जहरीले लड्डू खिला दिए थे। उसके बाद 27 मजदूरों तथा उनके बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। पुलिस ने मामले की जांच की। घटनाक्रम का खुलासा किया तो पुलिस भी अभियुक्त के अपराध करने का तरीका सुन दंग रह गई। 

जांच में खुलासा हुआ कि मजदूर भट्टे के पास एक खोखे से राशन का सामान लेते थे। कुछ दिन बाद मजदूरों ने उसके यहां से राशन लेना बंद कर दिया, जिससे वह चिढ़ गया था। इसके चलते मजदूरों और उनके बच्चों को जहरीले लड्डू प्रसाद के रूप में खिला दिए थे।

यहा पढ़िए पूरी कहानी

जानकारी के मुताबिक, राजाखेड़ा मार्ग स्थित जय भवानी ब्रिक फील्ड पर बिहार से आए हुए मजदूर ईंट पथाई का कार्य करते हैं। विगत 26 अक्टूबर 2022 को अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से पहुंचा था और मजदूरों को मिठाई देकर राजस्थान सीमा क्षेत्र की ओर चला गया था।

अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईंट के भट्टे पर काम करने वाले 27 श्रमिकों को जान से मारने के उद्देश्य से मिठाई में जहर मिला खाने के लिए दे दिया था। मिठाई खाने के बाद कुल 27 पुरुष, औरत, बच्चों की तबियत खराब हो गई थी।

भट्‌टा संचालक ने दर्ज करवाया था मुकदमा

पुलिस को सभी बेहोशी की हालत में मिले थे। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों के कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बचाया गया। इस मामले में ईंट भट्टा संचालक जोगेंद्र सिंह ने धारा 308, 307 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

मजदूरों ने बताया आरोपी का नाम

थानाध्यक्ष शमशाबाद राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान सभी मजदूरों के स्वस्थ होने पर घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली गई थी। उस समय प्रकाश में यह आया था कि ईंट भट्टे के पास खोखा संचालक मिठाई देकर गया था। पुलिस जांच घटनाक्रम को लेकर जांच करती रही। इसी क्रम में गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि घटना से संबंधित नेपाल निवासी नया पुरा कहीं जाने की फिराक में टूला तिवरिया के पास खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।