मनचले ने लड़की पर फेंका टायलेट क्लीनर, मोबाइल पर बात न करने से था नाराज, दहशत में पीड़िता
Updated : Thu, 05 Jan 2023 04:58 PM

आगरा के सदर इलाके की रहने वाली युवती सिरफिरे से दहशतजदा है। आरोपित ने बुधवार को उसे रास्ते में रोक लिया। स्कूटर से गिराने के बाद उस पर टायलेट क्लीनर फेंक दिया। जिसकी कुछ बूंद उसके हेलमेट पर गिरीं। युवती ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अभियाेग दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
मोबाइल पर आपत्तिजनक बात करता था युवक
पीड़िता सदर थाना क्षेत्र के कैंट इलाके की रहने वाली है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इलाके के रहने वाले सौरभ ने उसके साथ वर्ष 2018 में बीकाम किया था। तब उसका मोबाइल नंबर ले लिया था। उससे कभी-कभार मोबाइल पर बात करता था। अचानक वह उसका व्यवहार बदल गया। उससे आपत्तिजनक बातें करने लगा। जिस पर उससे बातचीत करना बंद कर दिया।आरोपित ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
रास्ते में रोककर करने लगा छेड़छाड़
युवती ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार को स्कूटर से जा रही थी। रास्ते में आरोपित ने उसे रोक लिया। छेड़छाड़ करने लगा। विरोध किया तो धक्का मारकर गिरा दिया। आरोपित ने अपने स्कूटर की डिग्गी से टायलेट क्लीनर निकाल लिया। जिसे उस पर डालने का प्रयास करने लगा। युवती के अनुसार उसे लगा कि आरोपित तेजाब लेकर आया है। उसने जान बचाने के लिए दौड़ लगा दी। आरोपित ने पीछे से उस पर टायलेट क्लीनर फेंका। जिसकी कुछ बूंद उसके हेलमेट पर गिरीं। आरोपित वहां से भाग गया। उसके द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई है। जिससे वह दहशत में है।