जंगल में बने आश्रम में साधू की हत्या, झाड़ियों में मिला शव
Updated : Wed, 04 Jan 2023 12:43 AM

सिकंदरा में अकबरा गांव के जंगल में बने आश्रम में रहने वाले 50 वर्षीय साधू की हत्या कर दी गई। मंगलवार को उनका शव आश्रम के सामने कुछ दूरी पर बने एक गड्ढे में मिला। जानकारी होने पर पुलिस और ग्रामीण पहुंच गए। पुलिस ने फील्ड यूनिट और डाग स्क्वाड को मौके पर बुला लिया। हत्यारे का सुराग लगाने के लिए पुलिस स्वजन और ग्रामीणों से जानकारी कर रही है।
अकबरा गांव निवासी 50 वर्षीय श्रीकांत महाराज छह भाइयों में सबसे छोटे थे। अविवाहित थे। बाकी भाइयों का परिवार है। वह गांव में ही रहकर खेती करते हैं। स्वजन ने बताया कि गांव अकबरा में कई दशक पुराना छोटा सा मंदिर था। श्रीकांत महाराज ने तीन दशक पहले पहले वहां अपनी कुटिया बना ली। मंंदिर को आश्रम का रूप देकर वहां रहना शुरू कर दिया। गांव में परिवार के लोगों से कभी-कभार मिलने आते रहते थे। परिवार ओर गांव के लोग उन्हें आश्रम पर ही खाना दे आते थे।
मंगलवार की सुबह गांव का एक युवक आश्रम पर पहुंचा। उसने साधू श्रीकांत की बाइक आश्रम के मुख्य द्वार के बाहर खड़ी देखी। उन्हें वहां न पाकर गांव आया।
युवक ने स्वजन को बताया कि महाराज की बाइक आश्रम में खड़ी है। वह नहीं दिखाई दे रहे हैं। जिस पर स्वजन और गांव वाले आश्रम पर पहुंचे। आसपास तलाश किया तो आश्रम के गेट के सामने बने गड्ढे में साधू का शव पड़ा मिला। उनके सिर और पैरो समेत शरीर में कई जगहों पर धारदार हथियार के निशान थे। अनुमान है कि रात में किसी समय उनकी हत्या की गई। शव को आश्रम के सामने बने गड्ढे में फेंक दिया था।