एक्सप्रेस-वे के पास युवती से सामूहिक दुष्कर्म
Updated : Thu, 29 Dec 2022 12:28 PM

नोएडा से बिधूना (जिला औरैया)जा रही युवती को ईको गाड़ी में बैठाकर पहले चालक ने हाईवे पर ही घुमाया। इसके बाद कुबेरपुर लाकर अपने दोनों साथियों को बैठा लिया। तीनों आरोपितों के चंगुल में युवती तीन घंटे तक रही। वे यमुना एक्सप्रेस-वे के पास झाड़ियों के बीच गाड़ी खड़ी करके उसकी अस्मत लूटते रहे। थाने पहुंचने के बाद युवती बदहवास थी। पुलिस जब उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची तो वह ठीक से बात नहीं कर पा रही थी। घटनास्थल बताने में भी उसे भ्रम हो रहा था। इसलिए पुलिस उसे थाने लौटा लाई। अभियोग पंजीकृत करने के बाद उसे फिर घटनास्थल पर ले गई।
नोएडा से गाड़ी में बैठी थीं छह सवारियां
युवती ने बताया कि नोएडा से रवाना होते समय ईको गाड़ी में छह सवारियां बैठी थीं। वह पीछे की सीट पर बैठकर फिरोजाबाद तक गई थी। वहां से चालक ने उसे बिधूना छोड़ने की बात कही तो वह उसके इरादे नहीं समझ पाई थी। अचानक उसे नींद आ गई। नींद खुली तो वह सुनसान जगह पर थी। ईको गाड़ी में दो लोग और बैठे हैं। वे आपस में बात करने लगे तब उनके मंसूबे समझ में आए। इसके बाद आरोपितों ने उसके साथ घिनौनी हरकत की। रात एक बजे से तड़के चार बजे तक वह उनके चंगुल में ही रही। इसके बाद आरोपितों ने उसे आटो में बैठा दिया था।