शिमला–नैनीताल से भी ठंडा रहा आगरा
Updated : Tue, 27 Dec 2022 12:55 PM

पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी ने आगरा के लोगों को हिलाकर रख दिया है। सोमवार को आगरा शिमला और नैनीताल से भी ठंडा रहा। प्रदेश की बात की जाए तो झांसी के बाद आगरा और बरेली संयुक्त रूप से सबसे अधिक ठंडे रहे। यहां का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 09:30 बजे के बाद सूरज के दर्शन हुए जबकि शाम को शीत लहर चलने लगी। इसकी अधिकतम गति दस किमी प्रति घंटा रही।
मौसम विभाग के अनुसार 2 जनवरी 2023 तक सुबह और शाम कोहरा रहेगा। सोमवार को सफेद चादर से पूरा शहर ढक गया। गलन और ठिठुरन ने लोगों को बेहाल कर दिया। कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर रही। सुबह 09:30 बजे सूरज के दर्शन हुए लेकिन तपिश कम होने के चलते ठंड से राहत नहीं मिली और न ही कोहरा कम हुआ। ठंडी हवा भी चलती रही। सुबह साढ़े 11 बजे के बाद कोहरा कम होना शुरू हुआ। फिर भी ठंड ने पीछा नहीं छोड़ा। अधिकतम तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह 16.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जबकि न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
नैनीताल का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस और शिमला का 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं प्रदेश में झांसी का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के निदेशक डा. दानिश ने बताया कि दो से तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में तेजी से कमी आएगी। कोहरे की मार से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। लोगों को सफर में सावधानी की सलाह दी गई है।