जारी है सर्दी का असर, ठिठुर रहे लोग
Updated : Wed, 21 Dec 2022 04:35 PM

सर्दी ने अपना गुलाबी रंग छोड़ दिया है। अब सर्दी हाथ-पैरों और चेहरों को लाल करने लगी है। सुबह और रात का कोहरा वाहन चलाने वालों को परेशान कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 25 दिसंबर तक कोहरा इसी तरह सुबह और रात छाएगा। पिछले कुछ दिनों में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है।
धूप में नहीं तेजी
सुबह कोहरे में ही बच्चे स्कूल के लिए निकले। आठ बजे धूप तो निकल आई लेकिन धूप में तेजी नहीं थी। सुबह घरों के बाहर छिड़काव करने वालों की सड़कें और गलियां दोपहर तक गीली रहीं। ठंडी हवा से बचने के लिए लोग मफलर और टोपी लगाए रहे। मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.8 और न्यूनतम 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हालांकि बुधवार को कोहरे कम हाेने से दृश्यता ठीक रही। मंगलवार को शाम होते ही ठंडक ठंडी हवा के कारण बढ़ गई।
मौसम विभाग के निदेशक डा. दानिश के अनुसार 25 दिसंबर तक एेसा ही मौसम रहेगा। 22 और 24 दिसंबर को धूप निकलेगी, कोहरा नहीं होगा। बाकी के दिनों में सुबह और रात कोहरा रहेगा। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।