विश्व धरोहर स्थल ताजमहल पर 1.47 लाख का गृहकर बकाया, नगर निगम ने ASI को जारी किया नोटिस
Updated : Mon, 19 Dec 2022 04:48 PM

उत्तर प्रदेश के आगरा (Agra) से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। आगरा नगर निगम अब विश्व धरोहर स्थल ताजमहल से भी गृहकर की वसूली करेगा। नगर निगम द्वारा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को ताजमहल का 1.47 लाख रुपये का गृहकर 15 दिन में जमा कराने को नोटिस जारी किया गया है।
ताजमहल को इस तरह का नोटिस पहली बार मिला
बता दें निगम का नोटिस मिलने की वजह से अब एएसआइ के अधिकारी हतप्रभ हैं। आज से 102 वर्ष पूर्व 1920 में ताजमहल को राष्ट्रीय महत्व का संरक्षित स्मारक घोषित किया गया था, तब से यह पहला मौका है जब ताजमहल का गृहकर जमा करने को नोटिस जारी किया गया हो। आगरा नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी द्वारा 25 नवंबर को आर्कियोलाजी विभाग, ताज गार्डन को पूर्वी गेट ताजमहल के नाम से नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस एएसआइ को हाल ही में मिला है।