• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


लावारिस सूटकेसों ने मचाई सनसनी, रोक दी एमजी रोड पर वाहनों की रफ्तार, 45 मिनट तक थमीं रहीं सांसें

Updated : Fri, 16 Dec 2022 12:17 PM

आगरा में शुक्रवार की सुबह दो लावारिस सूटकेसों की सनसनी ने एमजी रोड पर वाहनों की रफ्तार को रोक दिया। पुलिस ने सूटकेसों में विस्फोटक की आशंका पर बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुला लिया। एमजी रोड पर करीब 45 मिनट तक वाहनों का आवागमन रोके रखा गया।

घटना शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे की है। कलक्ट्रेट तिराहे के पास रावली पुल पर राहगीरों ने दो लावारिस सूटकेस पड़े देखे। दोनों सूटकेस कुछ दूरी पर पड़े हुए थे। वह भरे हुए थे। जिससे राहगीरों को उनमें विस्फाेटक पदार्थ होने की आशंका हुई। उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दी। रकाबगंज और नाई की मंडी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों सूटकेस कलक्ट्रेट तिराहे से छीपीटोला की ओर जाने मार्ग पर पड़े थे।

पुलिस ने सतर्कता से रोका ट्रैफिक

सूटकेस जिस जगह पर मिले सामने ही रावली मंदिर है। जिसके चलते आसपास के लोग इसमें साजिश का अनुमान लगा रहे थे।पुलिस ने सतर्कता के चलते एमजी रोड पर वाहनाें का आवागमन रोक दिया। बम निरोधक दस्ते को बुला लिया। टीम ने सूटकेस को खोला तो उसमें कुछ कपड़े आदि जरूरी सामान रखा हुआ था। इसी दौरान सूटकेस को तलाशते हुए उनके मालिक भी वहां आ गए। वह राजस्थान के रहने वाले थे।